Helpline +919415567039 || az.up@smarthindustan.news

Updated Wed, 05 May 2021 11:35 PM

धूमिल हो गई शहर में सुविधायुक्त पार्क निर्माण की आशा

जागरण संवाददाता, आजमगढ़ : मुख्यमंत्री ने प्रत्येक जिला मुख्यालय पर सुविधायुक्त पार्क विकसित जाने की घोषणा की थी, लेकिन भूमि चिह्नित होने और शासन को प्रस्ताव भेजे जाने के तीन साल बाद भी पार्क की आशा धूमिल हो गई। नवंबर 2019 में तमसा नदी किनारे सिधारी पर पूर्व में पीएम आवास के लिए चिह्नित 1.0495 हेक्टेयर भूमि में पार्क विकसित किए जाने का प्रस्ताव किया गया था। तत्कालीन डीएम व विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एनपी सिंह ने आगणन रिपोर्ट के बाद दो करोड़, 18 लाख, 13 रुपये, 76 पैसे धनराशि स्वीकृति के लिए शासन को पत्र प्रेषित किया था। इस कार्य की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था एडीए (आजमगढ़ विकास प्राधिकरण) को सौंपी गई थी। पार्क में टहलने के लिए पाथवे, बैठने के लिए बेंच आदि की व्यवस्था, महिला व पुरुष के लिए अलग-अलग प्रसाधन, मुक्ताकाशी जिम, शुद्ध पेयजल व्यवस्था, योग के लिए उपयुक्त स्थान व बच्चों के खेलकूद के लिए बाल क्रीड़ा की व्यवस्था सुनिश्चित प्रारूप में सुनिश्चित की गई थी। प्रस्ताव में चहारदीवारी मय रेलिग, कालम व ब्रिक वर्क और दो गेट प्रस्तावित थे। जिसमें एक गेट प्रवेश और दूसरा निकास द्वार था। पार्क के किनारे-किनारे इंटलॉकिग ब्लॉक पाथवे के साथ लोगों के बैठने के लिए बेंच और पॉम का पेड़ लगाए जाने का प्रावधान किया गया था।

सब्जी मंडी में तार-तार दिखी शारीरिक दूरी

जागरण संवाददाता, आजमगढ़ : शहर से लेकर गांव तक कोरोना पॉजिटिव की संख्या बढ़ रही है। कोरोना का पलटवार भी काफी घातक साबित हो रहा है लेकिन कुछ लोग हैं कि उनमें इसका खौफ ही नहीं दिख रहा है। सैनिटाइजर तो दूर दुकानों पर बिना मास्क के ग्राहक पहुंच रहे हैं। सब्जीमंडी में तो शारीरिक दूरी का फरमान तार-तार होते दिख रहा है। शहर के मुख्य चौक स्थित सब्जीमंडी में भीड़ देख प्रशासन ने बंद करा दिया है। उसके स्थान पर वेस्ली इंटर कॉलेज और अठवरिया मैदान में दुकान लगाने का आदेश दिया है। इस आदेश का पालन तो दुकानदार कर रहे हैं, लेकिन कोरोना गाइडलाइन का पालन भूल गए हैं। भीड़ लगने के पीछे जो कारण सामने आ रहे हैं उसके पीछे सीमित समय बताया जा रहा है। दरअसल पिछले वर्ष सब्जी की दुकान लगाने के लिए दोपहर बारह बजे तक का समय निर्धारित किया गया था। यही नहीं वार्डवार दुकानें लगवा दी गई थीं। इस बार केवल 11 बजे तक सब्जी मंडी लगाने का आदेश है। नतीजा शहर के लोग आठ बजे के बाद ही निकल रहे हैं और इसी तीन घंटे में पूरा शहर मंडी में पहुंच जा रहा है।

बीएससी की 21 वर्षीय छात्रा बनीं जिला पंचायत सदस्य

पिता के अरमानों व क्षेत्रवासियों की प्रेरणा से मिला आशीर्वाद जागरण संवाददाता, मऊ : आजमगढ़ के शिब्ली नेशनल पीजी कालेज से बीएससी (तृतीय वर्ष) कर रही छात्रा श्वेता कुमारी ने मात्र 21 वर्ष की उम्र में जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीतकर यह साबित कर दिया है कि महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कदम से कदम मिलाकर चल सकती हैं। बस उनमें जज्बा व हौसला होना चाहिए। कलेक्ट्रेट प्रमाण पत्र लेने पहुंची श्वेता ने कहा कि पिता के अरमानों को वह पूरा कर रही है। क्षेत्रवासियों के आशीर्वाद से वह इस मुकाम तक पहुंची है। उसने पढ़-लिखकर कोई नौकरी करने का जज्बा पाल रखी थी लेकिन राजनीति की दिशा में पिता के समर्पण से कूद पड़ी है। जनता की सेवा के लिए आगे उसकी लड़ाई जारी रहेगी।